रायपुर, 22 अक्टूबर 2026

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई जुहार के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने, अपने ज्ञान और कौशल को निरंतर विकसित करने तथा अपनी सफलता को समाज और राष्ट्र की सेवा से जोड़ने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और महिलाओं की समान भागीदारी आवश्यक है। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, युवा और महिलाएं उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने प्रदेशवासियों को नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध परंपराओं, आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने और भारतीय जीवन मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि नुआखाई हमारी कृषि परंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामुदायिक भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। अन्न का सम्मान करना, किसानों के योगदान को स्वीकार करना और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। अन्न केवल भूख मिटाने का साधन नहीं, बल्कि किसानों के परिश्रम, धरती की उदारता और प्रकृति के अनमोल उपहार का प्रतीक है।

ज्ञान के साथ विनम्रता और सफलता के साथ सेवा-भाव अपनाएं युवा

राष्ट्रपति ने युवाओं को निरंतर सीखने, पुस्तकें पढ़ने, प्रश्न पूछने और अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करना चाहिए। सफलता और असफलता जीवन का हिस्सा हैं। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवाओं को ज्ञान के साथ विनम्रता, महत्वाकांक्षा के साथ नैतिकता और सफलता के साथ सेवा-भाव को जोड़ना चाहिए। जब किसी व्यक्ति का ज्ञान जरूरतमंदों के काम आए, उसकी प्रतिभा समस्याओं का समाधान करे और उसकी सफलता समाज में सकारात्मक बदलाव लाए, तभी उपलब्धि वास्तविक अर्थों में सार्थक बनती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्र का निर्माण केवल बड़े निर्णयों से नहीं, बल्कि करोड़ों नागरिकों के छोटे-छोटे ईमानदार प्रयासों से होता है। प्रत्येक युवा को अपना काम ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए। ये गुण विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की समान भागीदारी जरूरी

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए महिलाओं की समान भागीदारी बेहद जरूरी है। देश की आधी आबादी को आगे बढ़ाए बिना राष्ट्र अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रगति नहीं कर सकता।

उन्होंने महिलाओं से देश और समाज के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही पुरुषों, विशेषकर युवाओं से कहा कि वे अपनी बहनों और बेटियों को ऐसा वातावरण और अवसर दें, जहां वे बिना किसी बाधा के अपने सपनों को साकार कर सकें। महिलाओं के प्रति सम्मान हमारी सोच, व्यवहार और दैनिक आचरण में दिखाई देना चाहिए।

जहां कभी आतंक का अंधेरा था, वहां आज विकास का उजियारा

राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक बदलावों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों तथा युवाओं की दृढ़ इच्छाशक्ति से प्रदेश के युवा नक्सलवाद के भटकाव से निकलकर मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जहां कभी आतंक का अंधेरा था, वहां आज विकास का उजियारा फैल रहा है। यह बदलाव युवाओं और उनके परिवारों के कल्याण के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और पूरे देश के विकास को भी गति प्रदान कर रहा है।

नुआखाई सामाजिक एकता और सेवा भावना का पर्व : राज्यपाल रमेन डेका

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने प्रदेशवासियों को नुआखाई जुहार की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व नई फसल के आगमन की खुशी मनाने के साथ धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, किसानों के परिश्रम का सम्मान करने और मिल-जुलकर खुशियां बांटने का अवसर है। यह हमारी कृषि संस्कृति, सामाजिक एकता और आपसी सहयोग की परंपरा को मजबूत करता है।

राज्यपाल ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की उपस्थिति को प्रदेश के लिए सौभाग्य और प्रेरणा का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का संघर्ष, सादगी, समर्पण और सेवाभाव सभी के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने युवाओं से सेवा को अपने जीवन का स्वभाव बनाने, नशे और भटकाव से दूर रहने तथा ज्ञान, कौशल और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। राज्यपाल ने रक्तदाताओं, विशेषकर महिला रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की महान सेवाओं में से एक है।

राष्ट्रपति का जीवन बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ से गहरा आत्मीय संबंध है और प्रदेशवासियों के मन में उनके प्रति अपार सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति का जीवन संघर्ष, सादगी, सेवा, शिक्षा और दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल है। ओडिशा के एक छोटे से गांव से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा देश की बेटियों, युवाओं और जनजातीय एवं ग्रामीण अंचलों के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का मार्गदर्शन प्रदेश के युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने नुआखाई को कृषि संस्कृति, नई फसल के स्वागत और धरती माता के प्रति कृतज्ञता का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सदियों पुराने सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंध हैं। ओड़िया समाज ने अपनी मेहनत, सादगी और सेवाभाव से छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। नुआखाई के अवसर पर सेवा सम्मान और युवा प्रबोधन का आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं को समाज सेवा और युवा सशक्तीकरण से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है।

युवा शक्ति को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहा विकसित छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की निर्णायक भूमिका होगी। राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के अवसरों का विस्तार कर रही है।

उन्होंने बताया कि चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेन्द्रगढ़ और कवर्धा में पांच नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं। नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना की जा रही है, जहां प्रतिवर्ष लगभग चार हजार युवाओं को आधुनिक तकनीक और व्यावसायिक प्रशिक्षण मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन के माध्यम से छह लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। नई औद्योगिक नीति के जरिए रोजगार और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत युवाओं के नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी कैंपस, निफ्ट और नाइलिट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना की दिशा में भी पहल की गई है। इसके साथ ही चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने वाले छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक युवा को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी प्रतिभा, ऊर्जा और क्षमता विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान दे सके।

सेवा संकल्प अभियान के रक्तदान महाकुंभ में 2,548 लोगों ने किया रक्तदान

मुख्यमंत्री श्री साय ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान महाकुंभ में भाग लेने वाले रक्तदाताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की महान सेवा है और इससे जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने में मदद मिलती है।

अभियान के तहत कुल 2,548 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिनमें 1,188 महिलाएं भी शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ की सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता और नारी शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने युवा सशक्तीकरण, महिला सहभागिता, सामाजिक एकता और मानव सेवा के संदेश को मजबूत किया। राष्ट्रपति ने युवाओं से अपनी व्यक्तिगत सफलता को समाज एवं राष्ट्र की प्रगति से जोड़ते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts