रायपुर, 22 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुई भीषण बस दुर्घटना में 6 लोगों की असामयिक मौत से शोक की लहर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। राज्य शासन की ओर से दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 5-5 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तत्परता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी के अस्पतालों में घायलों का उपचार
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि दुर्घटना में घायल यात्रियों का सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ और जिला अस्पताल चिरमिरी में उपचार जारी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके स्वास्थ्य की स्थिति की नियमित निगरानी की जाए।
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दुर्घटना में दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति मिले और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्राप्त हो। उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
बस दुर्घटना के बाद राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने और घायलों के बेहतर उपचार को प्राथमिकता दी है। जिला प्रशासन को राहत, उपचार और आवश्यक सहायता से जुड़े सभी कार्यों को तत्परता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।



