रायपुर, 11 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, सांस्कृतिक पहचान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देने के लिए विशेष आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा। वहीं प्रदेशभर में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा।

राज्य शासन के आदिम जाति विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और जनजातीय हितग्राहियों के लिए संचालित गतिविधियों को प्रदर्शित करने विशेष प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा उद्योग एवं रोजगार विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग अपनी योजनाओं की जानकारी देंगे।

जनजातीय इतिहास और परंपरागत ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की भावना के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय इतिहास, संस्कृति और परंपरागत ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।

इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य उन जनजातीय महानायकों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रप्रेम को जन-जन तक पहुंचाना है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और सामाजिक स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के अनेक जनजातीय वीरों ने औपनिवेशिक शासन, अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। वहीं छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर की संघर्षगाथाएं आज भी स्वाभिमान, सामाजिक न्याय और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती हैं।

योजनाओं और उपलब्धियों की प्रदर्शनी से दिखेगी विकास की तस्वीर

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनियों में जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं एवं प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा।

इससे आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। साथ ही जनजातीय समुदायों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों को समझने का अवसर भी प्राप्त होगा।

स्कूल-कॉलेजों में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम

जनजातीय गौरव सप्ताह को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए प्रदेश के शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन गतिविधियों में जनजातीय महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, जनजातीय इतिहास, लोकसंस्कृति और परंपरागत ज्ञान पर आधारित निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी।

विशेष रूप से माध्यमिक स्तर और उससे ऊपर के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर जनजातीय समाज की जीवनशैली, प्रकृति के साथ उसके संबंध, सामुदायिक परंपराओं, लोककला और ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना है।

इसके लिए जनजातीय इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों से संबंधित साहित्य के संकलन एवं वितरण के निर्देश भी दिए गए हैं।

बस्तर से सरगुजा तक दिखेगी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता

छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति अपनी विशिष्ट परंपराओं, लोकनृत्यों, लोकगीतों, हस्तशिल्प, पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति संरक्षण की जीवनशैली के लिए देशभर में विशेष पहचान रखती है। बस्तर से सरगुजा तक फैली सांस्कृतिक विविधता प्रदेश की अमूल्य धरोहर है।

जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से इस विरासत के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।

राज्य शासन ने आयोजन को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय प्रदर्शनी स्टॉलों में योजनाओं और उपलब्धियों का आकर्षक प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों में आयोजित गतिविधियों का सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार करने तथा कार्यक्रमों के प्रतिवेदन और छायाचित्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जनजातीय गौरव और राष्ट्रीय एकता का बनेगा सशक्त संदेश

जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय एकता के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में महत्वपूर्ण होगा। यह अवसर जनजातीय वीरों के बलिदान को नमन करने के साथ उनके संघर्ष से प्रेरणा लेकर समावेशी विकास, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की भागीदारी को मजबूत करने का संदेश देगा।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित यह गौरव दिवस और गौरव सप्ताह इस बात को रेखांकित करेगा कि जनजातीय समाज का इतिहास केवल संघर्ष और बलिदान की गाथा नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता, संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रनिर्माण की अमूल्य विरासत है। इस विरासत का सम्मान और संरक्षण ही विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts