रायपुर, 11 नवंबर 2026

स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनमें नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है, जबकि रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों और अधिकारियों ने पुरस्कार ग्रहण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिल्हा का देश में प्रथम स्थान, बिलासपुर का राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान और रायपुर का राज्य में अग्रणी स्थान पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। सरकार का लक्ष्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने। जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

अरुण साव ने सामूहिक प्रयासों को बताया उपलब्धि का आधार

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने विशेष रूप से बिल्हा की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त करना गौरव की बात है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सीमित संसाधनों वाले छोटे नगरीय निकाय भी बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और जनसहभागिता के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे उपस्थित रहीं। इसके अलावा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।

स्वच्छ सर्वेक्षण में मिली यह उपलब्धि प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने, नागरिक सहभागिता बढ़ाने और नगरीय सेवाओं के बेहतर प्रबंधन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान प्रदान करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts