रायपुर,11 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक युवक की अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए कपड़े जला दिए और शव को कमल विहार के सेक्टर-13 स्थित मेनहोल (गटर) में छिपा दिया। इतना ही नहीं, मृतक की बाइक को भी शहर से बाहर नदी में फेंक दिया गया। इस वारदात के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों ने दर्ज कराई थी अपहरण की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान निरंजन पाल के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक के लापता होने और अपहरण की आशंका को लेकर घटना वाले दिन ही तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि इसी बीच युवक का शव मिलने की जानकारी सामने आई।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवक का काशीराम नगर इलाके से अपहरण किया था और उसे कमल विहार के कौशल्या माता विहार स्थित सेक्टर-13 में ले गए। यहां सुनसान जगह पर कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद कपड़े जलाए, मेनहोल में छिपाया शव
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के इरादे से मृतक के कपड़े उतारकर जला दिए। इसके बाद शव को मेनहोल में डालकर ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके।
बाइक को नदी में फेंककर मिटाने की कोशिश की निशानी
हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक की बाइक को भी ठिकाने लगाने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, बाइक को मुजगहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी में फेंक दिया गया था। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
दो संदेही हिरासत में, FSL टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदेहियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मेनहोल से युवक का शव बरामद किया।
फिलहाल तेलीबांधा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हिरासत में लिए गए संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों, वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मामले में विस्तृत खुलासा होना बाकी है।



