रायपुर, 11 अगस्त 2026

राजनांदगांव शहर को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शहर में कुल 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

इन विकास कार्यों में 15 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से बनने वाला प्रदेश का सबसे बड़ा 2000 सीटर ऑडिटोरियम प्रमुख आकर्षण है। ऑडिटोरियम में बड़े आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां पार्किंग, कॉरिडोर और करीब एक हजार लोगों के एक साथ बैठकर भोजन करने की व्यवस्था भी होगी।

2000 सीटर ऑडिटोरियम बनेगा बड़े आयोजनों का केंद्र

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम शहर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगा। यह राजनांदगांव सहित आसपास के नगरीय क्षेत्रों में बड़े सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, प्रकाश व्यवस्था और पाइपलाइन विस्तार सहित 43 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य किए जा रहे हैं।

डॉ. रमन सिंह ने नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त 10 एमएलडी जल शोधन संयंत्र स्थापित करने की आवश्यकता भी बताई। इसके अलावा गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के पीछे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के विवाह और सामाजिक आयोजनों के लिए शेड तथा अतिरिक्त कक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा।

सड़क, नाली, पेयजल और सामुदायिक भवनों पर खर्च होंगे करोड़ों

भूमिपूजन किए गए कार्यों में शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, विद्युतीकरण, पेयजल, मुक्तिधाम उन्नयन और सामुदायिक भवन सहित अन्य अधोसंरचना विकास कार्य शामिल हैं।

15वें वित्त आयोग अनटाइड ग्रांट से 12 करोड़ 9 लाख 44 हजार रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और विद्युतीकरण के कार्य होंगे।

वहीं अधोसंरचना मद से 11 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से सड़क, नाली, मुक्तिधाम उन्नयन और सामुदायिक भवन निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 1 करोड़ रुपये से चार वार्डों में सड़क, नाली और सामुदायिक भवन निर्माण के कार्य होंगे।

इसके अलावा 15वें वित्त आयोग टाइड ग्रांट के पेयजल प्रबंधन घटक से 3 करोड़ 2 लाख 82 हजार रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को 1000 पौधों का वितरण भी किया गया।

राजनांदगांव नगर निगम को दो साल में मिले 267 करोड़: अरुण साव

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे राजनांदगांव के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद पिछले दो वर्षों में राजनांदगांव नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करीब 267 करोड़ रुपये विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने राजनांदगांववासियों से शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाने का संकल्प लेने की अपील की।

चौकों और तालाबों के सौंदर्यीकरण समेत कई परियोजनाओं को मंजूरी

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि गांधी चौक, पोस्ट ऑफिस चौक और नंदई चौक सहित प्रमुख चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए करीब 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है।

वहीं रानी सागर और बूढ़ा सागर तालाब के पुनर्विकास के लिए 14 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। इसके अलावा जीई रोड से लखोली कबाड़ी दुकान तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 6 करोड़ 85 लाख रुपये, आरके नगर चौक से डोंगरगांव रोड तक सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ 90 लाख रुपये और बायपास कन्हारपुरी से तिरंगा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 5 करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति जल्द प्रदान की जाएगी।

उन्होंने मोहारा जल संयंत्र के री-मरम्मत कार्य के लिए 4 करोड़ रुपये और ढाबा, गौरीनगर एवं गोकुलनगर में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 12 करोड़ 61 लाख रुपये की स्वीकृति जल्द दिए जाने की जानकारी दी।

राजनांदगांव के विकास को मिल रही नई रफ्तार

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि शासन ने राजनांदगांव शहर के विकास के लिए 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपये की सौगात दी है। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में नालंदा परिसर सहित कई विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने जिले में चल रहे रेलवे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। सांसद ने बताया कि परमालकसा से खरसिया तक नई रेल लाइन का काम जारी है और चौथी रेल लाइन भी चालू हो गई है। राजनांदगांव और डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन को मॉडल एवं अमृत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि गौरीनगर एवं स्टेशन पारा अंडरब्रिज का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि मोतीपुर अंडरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होगा। वहीं डोंगरगढ़ से कटघोरा तक नई रेल लाइन की स्वीकृति दी गई है।

51 वार्डों के संतुलित विकास पर जोर

महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि राजनांदगांव के सभी 51 वार्डों के संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने बताया कि शहर में वर्तमान में 800 सीटर ऑडिटोरियम उपलब्ध है, जबकि अब 15 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से 2000 सीटर ऑडिटोरियम बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, नगर निगम सभापति पारस वर्मा, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts