रायपुर, 19 अगस्त 2026

मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवा रायपुर अटल विकास प्राधिकरण (NRDA) और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

नवा रायपुर में चलेंगी ई-बसें

बैठक में नवा रायपुर में कंप्लायंट बैटरी ऑपरेटेड मोटर एसी ई-बसों के डिजाइन, प्रोक्योरमेंट, सप्लाई, संचालन और संधारण के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई।

समिति ने परियोजना के विभिन्न तकनीकी और क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं की समीक्षा की। ई-बसों के संचालन से नवा रायपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।

कार्यालय भवन निर्माण के प्रस्ताव पर भी मंथन

बैठक में छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने समिति के समक्ष परियोजना की आवश्यकताओं और निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रस्तुत की।

रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन पर चर्चा

लोक निर्माण विभाग द्वारा रायगढ़ जिले में रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के निर्माण के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा हुई। करीब 37 किलोमीटर लंबाई वाले इस मार्ग के निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने परियोजना के लिए प्रभावित भूमि के अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण कार्य की तैयारियों से संबंधित जानकारी समिति के सामने रखी।

अकलतरा बायपास के निर्माण पर भी विचार

बैठक में जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा बायपास मार्ग के निर्माण कार्य के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। लगभग 6.70 किलोमीटर लंबाई वाले इस बायपास से संबंधित तकनीकी और निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा की गई।

समिति ने परियोजना के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और आगे की कार्यवाही पर भी विचार-विमर्श किया।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव श्री भूवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव श्री सारांश मित्तर, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार सहित लोक निर्माण, वित्त एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts