रायपुर, 19 अगस्त 2026
भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के प्रस्तावित दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
उपराष्ट्रपति के प्रवास की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्था के निर्देश
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के दौरान एंट्री एवं एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
उन्होंने रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन, एम्स में रिसेप्शन और अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सुरक्षा, चिकित्सा और विद्युत व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए गृह विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और कार्यक्रम स्थल की सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
प्रोटोकॉल के अनुरूप होगी बैठक व्यवस्था
बैठक में कार्यक्रम की बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने एम्स रायपुर प्रबंधन और अधिकारियों को दीक्षांत समारोह के आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



