रायपुर,19 अगस्त 2026
राजधानी रायपुर में 23 अगस्त को विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा गुढ़ियारी से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक निकलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में कांवड़िए ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ शामिल होंगे। आयोजन में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
CM साय और डॉ. रमन सिंह होंगे शामिल
इस भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई मंत्री और रायपुर के विधायक शामिल होंगे।
देशभर के कलाकार दिखाएंगे शिवभक्ति का संगम
कांवड़ यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उत्तर प्रदेश की महाकाल-अघोरी और महाकाली टीम, दिल्ली की महाकाल अघोरी टीम के साथ विशाल नंदी, केरल का भारत नाट्यम, उज्जैन की डमरू महाकाल सवारी, महाराष्ट्र का नागपुर ढोल, खड़गपुर की मां काली टीम और ओडिशा के पारंपरिक दल प्रमुख आकर्षण होंगे।
इसके अलावा अंबिकापुर और कोरबा की अघोरी टीम, बेंद्री के लोक कलाकारों द्वारा शिव परिवार की प्रस्तुति, दुर्ग-भिलाई के धुमाल दल, रायपुर की राधा रानी धुमाल और महाकाल-अघोरी टीम भी अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
धार्मिक झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
यात्रा में शिव परिवार, राम-सीता, हनुमान वानर सेना, मुकुट हनुमान, बाहुबली हनुमान, भगवान परशुराम, जामवंत, भगवान गणेश, सुग्रीव, भोलेबाबा और महाकाल सहित विभिन्न धार्मिक स्वरूपों की झांकियां शामिल होंगी।
इसके साथ राम-सीता दरबार, शिव परिवार, 11 घोड़े और 2 बग्घियां, लाइव सिंगिंग और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी कांवड़ यात्रा की भव्यता बढ़ाएंगी।
आस्था, संस्कृति और सामूहिक श्रद्धा का उत्सव
विधायक राजेश मूणत ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में रायपुर की जनता और शिवभक्तों ने जिस आत्मीयता से कांवड़ यात्रा को अपनाया है, उससे यह आयोजन विराट धार्मिक जनउत्सव का स्वरूप ले चुका है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ उठाना केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, साधना और समर्पण की अभिव्यक्ति है। 23 अगस्त को रायपुर की सड़कों पर शिवभक्ति, भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोक परंपराओं का भव्य संगम देखने को मिलेगा।



