रायपुर,19 अगस्त 2026
राजधानी रायपुर में पशुओं के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना पुलिस ने एक टाटा मजदा वाहन में 5 गाय और 5 बछड़ों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पशुओं को वाहन में पर्याप्त जगह और वेंटिलेशन के बिना रखा गया था। वाहन को ऊपर से तिरपाल से ढका गया था।
रिंग रोड पर पुलिस ने पकड़ा वाहन
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की रात करीब 9 बजे ग्लोबल स्टार अस्पताल के पास रिंग रोड नंबर-1 पर एक टाटा मजदा वाहन क्रमांक CG10 BN 0537 में पशुओं को क्रूरतापूर्वक ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर डीडी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।
जांच के दौरान वाहन में 5 गाय और 5 बछड़े मिले। सभी पशुओं को बेहद कम जगह में ठूंसकर रखा गया था। इसके अलावा वाहन को तिरपाल से ढक दिया गया था, जिससे हवा के आने-जाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।
परिवहन के दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
मामले की जानकारी डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया और एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर एसीपी पुरानी बस्ती के नेतृत्व में डीडी नगर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपियों से पशुओं के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, परिवहन अनुमति और पशु चिकित्सक का प्रमाण पत्र मांगा, लेकिन आरोपी इनमें से कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
सभी 10 पशु गौशाला भेजे गए
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन से सभी 10 पशुओं को जब्त कर अपने कब्जे में लिया। पशुओं की सुरक्षा के लिए उन्हें गौशाला भेजा गया। इसके साथ ही जिला पशु चिकित्सालय, पंडरी में सभी पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे
पुलिस ने मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद बिलासपुर निवासी खिलेश यादव (22) और रविंद्र सिंह (55) को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



