रायपुर, 14 अगस्त 2026
भारत विभाजन की त्रासदी में असंख्य परिवारों द्वारा झेली गई पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष को स्मरण करने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
राजधानी रायपुर के मुक्ताकाशी मंच, संचालनालय पुरातत्व परिसर, लोकभवन के पास, सिविल लाइन्स में दोपहर 12:30 बजे आयोजित होने वाले समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल करेंगे, जबकि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
प्रख्यात फिल्मकार एवं अभिनेता डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी समारोह के मुख्य वक्ता होंगे। वे भारत विभाजन की ऐतिहासिक-सामाजिक पृष्ठभूमि, मानवीय त्रासदी और उससे जुड़ी स्मृतियों पर अपने विचार रखेंगे।
विभाजन की पीड़ा और संघर्ष पर होगा विमर्श
कार्यक्रम में वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेले गए विस्थापन, पीड़ा और संघर्ष की स्मृतियों को साझा किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन के इतिहास से परिचित कराने के साथ-साथ प्रभावित परिवारों के साहस, संघर्ष और नए सिरे से जीवन खड़ा करने की जिजीविषा से अवगत कराना है।
इस अवसर पर विभाजन की विभीषिका और उस दौर की परिस्थितियों पर केंद्रित विशेष प्रदर्शनी एवं स्मृति कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विभाजन से प्रभावित सिंधी, पंजाबी और बंगाली समाज के प्रतिनिधि अपने परिवारों और समाज से जुड़ी स्मृतियां एवं अनुभव साझा करेंगे।
कार्यक्रम में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विभाजन के इतिहास और उससे जुड़ी मानवीय पीड़ा को समझने का अवसर मिलेगा।
डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी रखेंगे विचार
समारोह के मुख्य वक्ता डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी भारतीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य को सिनेमा एवं टेलीविजन के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्हें लोकप्रिय धारावाहिक ‘चाणक्य’ से देशभर में पहचान मिली। उन्होंने भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित चर्चित फिल्म ‘पिंजर’ का निर्देशन भी किया है।
कार्यक्रम में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति श्री सच्चिदानंद शुक्ल भी अपने विचार व्यक्त करेंगे।
कई विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
समारोह में पूज्य डॉ. युधिष्ठिर लाल महाराज, रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री राजेश मूणत, श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा एवं श्री अनुज शर्मा, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे और रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन कुमार अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
संस्कृति विभाग के अनुसार, यह आयोजन विभाजन की त्रासदी में अपना सर्वस्व गंवाने वाले लोगों की स्मृतियों को नमन करने के साथ ही समाज में एकता, सद्भाव और मानवीय संवेदनाओं के मूल्यों को मजबूत करने का अवसर बनेगा।



