रायपुर,10 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से आज 10 अगस्त 2026 को रायपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। राजधानी रायपुर में तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ातालाब से सुभाष स्टेडियम, मोतीबाग चौक तक निकाली जाएगी।
इस यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, सांसद, विधायक, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके अलावा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों की भी बड़ी संख्या में सहभागिता रहेगी।
10 बजे से 1 बजे तक ट्रैफिक प्रभावित
तिरंगा यात्रा के चलते सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक यात्रा मार्ग पर सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा। इंडोर स्टेडियम, गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन के सामने रोड, महिला थाना चौक, फायर ब्रिगेड चौक और सुभाष स्टेडियम तक का मार्ग आम यातायात के लिए बाधित रहेगा।
इन डायवर्जन रूट का करें इस्तेमाल
बूढ़ेश्वर चौक से बूढ़ापारा बिजली ऑफिस की ओर जाने वाले वाहन चालक बूढ़ेश्वर चौक परिक्रमा पथ, पुलिस लाइन गेट और कालीबाड़ी मार्ग से आवागमन कर सकेंगे।
वहीं शास्त्री चौक से महिला थाना की ओर जाने वाले वाहन चालक बंजारी चौक, राजभवन चौक, कालीमाई तिराहा, OCM चौक, महिला थाना चौक और कालीबाड़ी मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कालीबाड़ी से कोतवाली चौक की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए कालीबाड़ी चौक, महिला थाना चौक, OCM चौक, काली माता मंदिर तिराहा, राजभवन चौक और घड़ी चौक मार्ग निर्धारित किया गया है।
इसी तरह कोतवाली से कालीबाड़ी और सदर बाजार से बूढ़ापारा की ओर जाने वाले वाहन चालक सदर बाजार मार्ग, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती, बूढ़ेश्वर चौक और पुलिस लाइन गेट होकर आवागमन कर सकेंगे।
इन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले नागरिकों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वाहन चालक अपने वाहन पार्क करने के बाद इंडोर स्टेडियम तक पैदल पहुंच सकेंगे।
पार्किंग के लिए बूढ़ा तालाब गार्डन, इंडोर स्टेडियम के पीछे मैदान, परिक्रमा पथ बूढ़ा तालाब और महाराजबंद तालाब की ओर स्थान निर्धारित किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
यातायात पुलिस रायपुर ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तिरंगा यात्रा के निर्धारित मार्ग पर जाने से बचें। जरूरी यात्रा के लिए डायवर्जन मार्गों का उपयोग करें।
पुलिस ने कहा है कि यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों की मौजूदगी को देखते हुए वाहन चालक धैर्य और सावधानी से वाहन चलाएं तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।



