भिलाईनगर,10 अगस्त 2026
जुनवानी क्षेत्र में वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार संचालित किए जाने का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में मैनेजर और महिला दलाल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत के 19 मोबाइल फोन और ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ली वेलनेस स्पा सेंटर, जुनवानी में स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर स्मृतिनगर पुलिस की टीम गठित कर मौके पर रेड की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर के संचालन से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली।
पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर मैनेजर तनय सोनी द्वारा पैसे लेकर देह व्यापार के लिए महिलाओं को उपलब्ध कराने तथा महिला दलाल हेमा सिंह उर्फ प्रीत के माध्यम से लड़कियां उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई।
19 मोबाइल और नकदी समेत सामग्री जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से 19 मोबाइल फोन, 1,900 रुपये नकद, ग्राहकों एवं देह व्यापार के लिए आने वाले व्यक्तियों की जानकारी से संबंधित सामग्री, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस ने मामले में तनय सोनी (23), हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32), रूपेन्द्र जंघेल (39), रितिक सोनी (26), दिनेन्द्र कुमार सोनी (27), हेमंत सिन्हा (28), अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32), आनंद कुमार (31) और अरुण पाण्डेय (24) को गिरफ्तार किया है।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस मामले में स्पा सेंटर से जुड़ी गतिविधियों और आरोपियों की भूमिका की आगे जांच कर रही है।



