रायपुर,27 जुलाई 2026
लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने प्रदेश की विभिन्न जेलों में निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों, जेल अधीक्षकों और ठेकेदारों को बेहतर समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता, समय-सीमा और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।
निर्माण भवन स्थित PWD मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता तथा प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे। प्रदेश के विभिन्न संभागों के कार्यपालन अभियंता, जेल अधीक्षक और ठेकेदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में निर्माणाधीन बैरकों, बाउंड्रीवॉल, शौचालयों और वॉच टॉवर के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने, कार्यों की कड़ी निगरानी रखने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए सभी परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं और जेल अधीक्षकों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जेल परिसरों में निर्माण सामग्री के परिवहन की समुचित व्यवस्था करने तथा श्रमिकों को पर्याप्त समय उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने कहा कि प्रदेश की कई जेलों में क्षमता से अधिक कैदी रह रहे हैं। ऐसे में नए बैरकों के निर्माण और मौजूदा सुविधाओं के विस्तार से जेलों पर दबाव कम होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में रायपुर केंद्रीय जेल में पार्किंग शेड, पाठशाला शेड, मुलाकातियों के लिए शेड और शौचालय निर्माण की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके अलावा बिलासपुर (नगोई) में 1500 आवास क्षमता वाले विशेष जेल, धमतरी और गरियाबंद जिला जेल की बाउंड्रीवॉल, जांजगीर, रामानुजगंज, सूरजपुर, कांकेर, संजारी-बालोद और सारंगढ़ उप जेल में बैरक निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में कवर्धा उप जेल की मुख्य दीवार की ऊंचाई बढ़ाने, अंबिकापुर और जगदलपुर केंद्रीय जेल में बैरक एवं शौचालय निर्माण, दंतेवाड़ा जिला जेल में शौचालय निर्माण, सुकमा जिला जेल में कंसर्टीना वायर फेंसिंग और वॉच टॉवर, तथा बीजापुर उप जेल में वॉच टॉवर निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



