धमतरी/बालोद,13 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तीज त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। बहन को तीजा के मौके पर मायके लाने गए भाई की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतकों की पहचान दामेश्वर सिन्हा और उनकी बहन नीता सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।

बहन को तीजा पर लेने गया था भाई

जानकारी के मुताबिक, मामला पुरूर थाना क्षेत्र का है। बड़े गौरी गांव निवासी दामेश्वर सिन्हा शनिवार को अपनी बहन नीता को तीज त्योहार के अवसर पर घर लाने के लिए मोखा गांव गए थे।

बहन को साथ लेकर दोनों बाइक से बड़े गौरी गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पुरूर क्षेत्र के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम

हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया।

हालांकि, गंभीर चोटों के कारण दोनों की हालत बिगड़ती गई और इलाज के दौरान दामेश्वर सिन्हा और नीता सिंह की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

पिकअप चालक मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।

तीज त्योहार से पहले परिवार में पसरा मातम

जिस बहन को भाई खुशी-खुशी तीजा पर मायके लाने निकला था, उसी सफर में दोनों की जिंदगी खत्म हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts