बीजापुर, 13 सितंबर 2026

जिले के रुद्रारम स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक देवेंद्र दहिया पर बच्चों के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में बच्चों और उनके पालकों ने कलेक्टर और एसपी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

पालकों और बच्चों की शिकायत के अनुसार, शिक्षक पर 2024 से बच्चों को परेशान करने और अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। शिकायत में करीब दो वर्षों से ऐसी घटनाएं होने का दावा किया गया है। बच्चों का आरोप है कि जब उन्होंने शिकायत करने की बात कही तो उन्हें कथित तौर पर डराया-धमकाया गया, जिसके चलते वे लंबे समय तक खुलकर सामने नहीं आ सके।

सात बच्चों की ओर से शिकायत

कुछ दिन पहले बच्चों ने अपने माता-पिता को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पालकों ने प्रशासन के सामने शिकायत रखने का निर्णय लिया। फिलहाल सात बच्चों की ओर से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत पत्र पर बच्चों और उनके पालकों के हस्ताक्षर होने की जानकारी भी सामने आई है।

पालकों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है, ताकि आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सके और दोष सिद्ध होने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

प्राचार्य पर शिकायत दबाने का आरोप

पालकों ने विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बच्चों ने पहले प्राचार्य को मामले की जानकारी दी थी, लेकिन शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय उसे दबाने का प्रयास किया गया।

पालकों का यह भी आरोप है कि बच्चों को आश्रम से निकालने तक की बात कही गई थी। उनका कहना है कि आवासीय विद्यालय में बच्चे अपने परिवार से दूर रहकर पढ़ाई करते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करना विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है।

एसडीएम कर रहे मामले की जांच

मामले में एकलव्य विद्यालय के सहायक आयुक्त देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ अनुचित स्पर्श संबंधी शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल एसडीएम मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, विद्यालय की प्राचार्य ई नारायणअम्मा ने बताया कि शिक्षक दिवस से पहले बच्चों ने इस संबंध में जानकारी दी थी और मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है।

फिलहाल बच्चों और पालकों की शिकायत के बाद प्रशासनिक जांच शुरू हो चुकी है। अब जांच के आधार पर ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts