रायपुर, 28  अगस्त 2026

बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड के ग्राम ओखर स्थित गौधाम में पशुओं की मृत्यु के मामले में पशु चिकित्सा विभाग ने अपनी जांच रिपोर्ट बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल को सौंप दी है। जांच प्रतिवेदन के अनुसार, पिछले तीन दिनों में कुल 6 पशुओं की मृत्यु हुई है।

जांच रिपोर्ट के मुताबिक, मृत पशुओं में से 4 की मृत्यु वृद्धावस्था के कारण हुई, जबकि 2 पशुओं की मौत अन्य कारणों से हुई है।

कलेक्टर के निर्देश पर टीम ने किया निरीक्षण

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तत्काल वस्तुस्थिति की जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद संयुक्त संचालक (पशु चिकित्सा सेवाएं) डॉ. गोपाल शरण सिंह के नेतृत्व में पशु चिकित्सकों की टीम ने ओखर स्थित गौधाम का मैदानी निरीक्षण किया।

जांच टीम ने मृत पशुओं का पोस्टमार्टम किया और गौधाम की मौके पर स्थिति का जायजा लेकर विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार किया।

बारिश के बाद गौधाम में हुआ जलभराव

जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि हाल ही में हुई अत्यधिक बारिश के कारण गौधाम परिसर में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई थी। जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को पशुओं को गौधाम में विस्थापित किया गया था।

वर्तमान में ग्राम पंचायत ओखर के लगभग 300 पशु गौधाम में मौजूद हैं।

300 पशुओं को सुरक्षित स्थान पर किया जाएगा शिफ्ट

पशुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत ओखर के सरपंच की सहमति से गौधाम में मौजूद सभी करीब 300 पशुओं को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।

इसके साथ ही पशुओं को चराने के लिए बाहर ले जाने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग द्वारा पशुओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की समस्या की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts