रायपुर, 28 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र में निवेश, अन्वेषण और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। 31 अगस्त को नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त को लेकर रोड शो आयोजित किया जाएगा।

भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं सतीश चंद्र दुबे, सीएमडीसी अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, खनन विशेषज्ञ तथा उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे।

20 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए शामिल

केंद्र सरकार ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त में कुल 20 खनिज ब्लॉक्स को नीलामी के लिए शामिल किया है। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स हैं।

इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन सहित कई महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। इन खनिजों की उपलब्धता बढ़ाना देश की खनिज सुरक्षा और रणनीतिक जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का होगा शुभारंभ

रोड शो के दौरान भूविज्ञान एवं खनन विभाग द्वारा खनिज क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। इस अवसर पर टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ भी किया जाएगा।

इसके साथ ही कोरन्डम कटिंग-पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पीटीआरएसयू के साथ एमओयू का आदान-प्रदान होगा। कार्यक्रम में माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।

नीलामी प्रक्रिया पर होगा तकनीकी सत्र

दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें एमईसीएल द्वारा ट्रेंच-VIII के तहत नीलामी के लिए रखे गए खनिज ब्लॉक्स पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।

वहीं SBI CAPS द्वारा मिनरल ऑक्शन प्रोसेस और टेंडर डॉक्यूमेंट तथा MSTC द्वारा मिनरल ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से संबंधित एनएमईडीटी योजना पर भी प्रस्तुतीकरण होगा।

तकनीकी सत्र के बाद ओपन हाउस डिस्कशन आयोजित किया जाएगा। इसमें खनिज ब्लॉक्स की संभावनाओं, नीलामी प्रक्रिया, निवेश के अवसर और खनन क्षेत्र में निजी भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

1 सितंबर को नीलाम ब्लॉक्स के संचालन की होगी समीक्षा

रोड शो के बाद मेफेयर लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और संचालन की प्रगति की समीक्षा होगी। इसके बाद माइन विजिट भी प्रस्तावित है।

इस आयोजन के माध्यम से महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण, नीलामी और खनन को गति देने के साथ केंद्र और राज्य सरकार, उद्योग जगत तथा अन्य हितधारकों के बीच समन्वय मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के प्रभावी एवं रणनीतिक दोहन के लिए नए अवसर विकसित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts