रायपुर,28 अगस्त 2026
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर केंद्रीय जेल रायपुर में भावुक माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में बहनें अपने बंदी भाइयों को राखी बांधने और उनसे मुलाकात करने जेल पहुंचीं। इस दौरान बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखी और सुरक्षित जीवन की कामना की।
जेल प्रशासन की ओर से रक्षाबंधन को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। बंदियों की बहनों को जेल के अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई, ताकि वे अपने भाइयों से मुलाकात कर सकें और राखी बांध सकें।
केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी रक्षाबंधन के अवसर पर बंदियों की बहनों के लिए विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई है। जेल परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और यह सुनिश्चित किया गया है कि बहनों को किसी तरह की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि व्यवस्था संभालने के लिए 100 से अधिक बल तैनात किया गया है। इसमें जेल सुरक्षा बल के साथ पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान भी शामिल हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
जेल अधीक्षक के अनुसार, दोपहर 3 बजे तक पंजीकरण कराने वाले लोगों की उसी दिन मुलाकात कराई जाएगी। रक्षाबंधन के मौके पर जेल प्रशासन की ओर से की गई इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य बंदियों और उनके परिवारों के बीच पारिवारिक संबंधों को बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखना है।



