रायपुर, 17 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल जरूरतमंद परिवारों के जीवन में आशा और विश्वास का संचार कर रही है। बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ ही गंभीर बीमारी से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार सहायता दी जा रही है।

इसी पहल के तहत फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी 21 वर्षीय अविनाश नायक का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में सफल उपचार संभव हो सका। स्वस्थ होने के बाद अविनाश मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचे और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया।

अविनाश ने मुख्यमंत्री को बताया कि उपचार के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार आया है। अब वे पहले की तुलना में अधिक सहजता से चल-फिर पा रहे हैं और अपने दैनिक कार्य भी कर पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनके स्वस्थ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की कामना की।

जन्म से थी परेशानी, आर्थिक तंगी बनी इलाज में बाधा

अविनाश नायक को जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों एवं हड्डी के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या थी। उम्र बढ़ने के साथ उनकी परेशानी भी बढ़ती गई। इसके कारण उन्हें चलने-फिरने और रोजमर्रा के कार्यों में कठिनाई होने लगी।

उपचार की आवश्यकता होने के बावजूद परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति इलाज में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई थी। कुछ वर्ष पूर्व अविनाश ने जिला अस्पताल में चिकित्सकों से संपर्क किया। जांच के बाद उन्हें बेहतर उपचार और ऑपरेशन के लिए किसी बड़े चिकित्सा संस्थान में जाने की सलाह दी गई।

लेकिन परिवार के लिए बड़े अस्पताल में इलाज और ऑपरेशन का खर्च उठाना संभव नहीं था। इसके बाद अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में अपनी समस्या बताते हुए सहायता के लिए आवेदन किया।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने दिखाई तत्परता

अविनाश की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने उनके उपचार के लिए तत्काल आवश्यक पहल की। उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रायपुर भेजा गया, जहां डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार और ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।

सफल उपचार के बाद अविनाश को लंबे समय से चली आ रही शारीरिक परेशानी से काफी राहत मिली है। अब वे धीरे-धीरे सामान्य दिनचर्या की ओर लौट रहे हैं।

मुश्किल समय में मिली मदद ने बदल दी जिंदगी

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अविनाश ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे किसी बड़े अस्पताल में जाकर अपना इलाज करा सकें। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देने के बाद उनकी समस्या पर गंभीरता से पहल हुई, जिसके बाद रायपुर के डीकेएस अस्पताल में उनका सफल उपचार कराया गया।

अविनाश ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में मिली सहायता ने उन्हें बड़ी परेशानी से मुक्ति दिलाई। उन्होंने उपचार में सहयोग करने वाले चिकित्सकों और प्रशासन के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।

जरूरतमंदों के लिए उम्मीद का केंद्र बना मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम बन रहा है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बीमारी और कठिन परिस्थितियों में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में संवेदनशीलता के साथ पहल की जा रही है।

अविनाश की कहानी इसी संवेदनशील व्यवस्था का उदाहरण है। आर्थिक अभाव के कारण जिस युवक का उपचार लंबे समय से नहीं हो पा रहा था, उसे समय पर सहायता और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने से आज उसके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts