रायपुर, 20 अगस्त 2026

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के 158 नगरीय निकायों में विभिन्न मदों के लिए कुल 74 करोड़ 88 लाख 17 हजार रुपए आबंटित किए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने सभी निकायों को राशि आबंटन के आदेश जारी कर दिए हैं।

नगर निगमों को 45 करोड़ से अधिक का आबंटन

विभाग के अनुसार प्रदेश के 10 नगर निगमों को कुल 45 करोड़ 7 लाख 90 हजार रुपए आबंटित किए गए हैं। वहीं 48 नगर पालिकाओं को 18 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपए तथा 100 नगर पंचायतों को कुल 11 करोड़ 19 लाख 92 हजार रुपए आबंटित किए गए हैं।

कई मदों में किया गया राशि आबंटन

नगरीय निकायों को अनिवार्य निधि, राजस्व वसूली, चुंगी क्षतिपूर्ति, उत्पाद कर, बार लाइसेंस तथा मुद्रांक मद के अंतर्गत यह राशि आबंटित की गई है। राशि मिलने से निकायों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्यों को गति मिलेगी।

वेतन और सेवानिवृत्ति लाभों के भुगतान में मिलेगी मदद

आबंटित राशि का उपयोग नगरीय निकायों में वेतन भुगतान और सेवानिवृत्ति लाभों के भुगतान के साथ-साथ मरम्मत एवं संधारण कार्यों में किया जा सकेगा। इससे निकायों पर वित्तीय दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

इसके अलावा अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए भी इस राशि से आवश्यक कार्य किए जा सकेंगे। इससे नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं और स्थानीय सेवाओं को सुचारू बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts