रायपुर, 20 अगस्त 2026

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता

लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

उन्होंने सड़कों और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी और अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव मौजूद रहे।

सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहेंगे अधिकारी

श्री बंसल ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर काम करने तथा प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य तेजी से पूरा करने को कहा। उन्होंने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने जिले के कलेक्टरों से बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सके।

उन्होंने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की कड़ी मॉनिटरिंग और निरीक्षण करने को कहा। साथ ही ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार नजर रखते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

सड़कों और भवनों के निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता की जांच करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य मजबूत और टिकाऊ होना चाहिए।

अक्टूबर तक शुरू हों निविदा वाले कार्य

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने ऐसे सभी नए कार्य, जिनकी निविदा हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य शुरू होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता दोनों की कड़ी निगरानी करने को कहा।

उन्होंने सड़कों और पुलों के रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सड़कें साफ-सुथरी, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देनी चाहिए। बरसात में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों की आवाजाही बाधित न हो।

भू-अर्जन और नामांतरण के प्रकरण जल्द निपटाएं

श्री बंसल ने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की जांच करने को कहा।

उन्होंने भू-अर्जन के नए और पुराने प्रकरणों के नामांतरण की कार्यवाही एक माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने को कहा।

विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के रखरखाव पर भी जोर

बैठक में विभागीय सचिव ने विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की भी जानकारी ली। उन्होंने विभागीय भवनों में बेहतर साफ-सफाई, रखरखाव और परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव सुश्री अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्री शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री आर.के. रात्रे और श्री जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता श्री के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts