रायपुर, 18 अगस्त 2026
विकास योजनाओं को मिले गति, निर्माण कार्य समय-सीमा में हों पूर्ण
सांसद बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र एवं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्ट्रेट स्थित अरपा सभा कक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने और निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
महिलाओं की आजीविका बढ़ाने पर जोर
ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान श्री साहू ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने कहा, जिससे महिलाओं की आय और आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
पीएम आवास और सड़क निर्माण की समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूर्ण कराने तथा हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने कहा।
पीएम जनमन योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनाए जा रहे संपर्क मार्गों की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभागीय समन्वय से निर्माण में आ रही बाधाओं का शीघ्र निराकरण करने और सड़कों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने कहा।
विष्णुभोग धान-चावल को मिलेगी नई पहचान
श्री साहू ने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की विशिष्ट पहचान विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता बढ़ाने, प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने और बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।
सिंचाई, स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष फोकस
जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए जल निकायों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। श्री साहू ने पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए सघन टीकाकरण अभियान चलाने तथा कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने कहा।
उन्होंने टीबी उन्मूलन और मलेरिया नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जिले में शत-प्रतिशत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी जोर दिया।
लंबित राजस्व प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त अधिकांश प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित हैं। उन्होंने कलेक्टर को नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
46 हजार से अधिक पीएम आवास पूर्ण
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46 हजार 151 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। गौरेला विकासखंड में पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 1,080 आवासों में से 865 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
53 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खरीफ बोनी
कृषि विभाग के अनुसार खरीफ वर्ष 2026 में निर्धारित 58 हजार 693 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 53 हजार 99 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है।
69 हजार से अधिक घरों में पहुंचा नल का पानी
जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 563 योजनाओं में से 245 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। योजना के अंतर्गत 84 हजार 901 घरों के लक्ष्य के विरुद्ध 69 हजार 808 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। इनमें 55 हजार 800 क्रियाशील नल कनेक्शन शामिल हैं।
बैठक में विधायक कोटा श्री अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



