दंतेवाड़ा, 13 अगस्त 2026

तिरंगा यात्रा के दूसरे दिवस उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद दंतेवाड़ा बस स्टैंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।

211 वीर बलिदानी जवानों को किया नमन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के 211 सर्वोच्च बलिदानी वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के अमूल्य सहयोग से आज नक्सलवाद का खात्मा संभव हुआ है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा ऐसे क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण पहुंचना भी मुश्किल था। आज उन्हीं क्षेत्रों में पूरे गौरव और उत्साह के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है।

वन मंत्री ने हर घर तिरंगा लगाने की अपील की

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने आमजनों से अपने घरों में तिरंगा लगाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान में राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ सहभागिता निभाने की अपील की।

सांसद महेश कश्यप ने बताया ऐतिहासिक गर्व का क्षण

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया और नक्सल आतंक के चलते जहां पहुंचना संभव नहीं था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में नक्सलवाद का खात्मा हुआ है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में विकास और राष्ट्रभक्ति का नया वातावरण बना है।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, बस्तर आईजी बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथ वाय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts