दंतेवाड़ा, 13 अगस्त 2026

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप आज दंतेवाड़ा के श्यामगिरी पहुंचे। यहां उन्होंने 2019 में हुई नक्सली घटना के घटनास्थल पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय लोगों, चश्मदीदों और स्वर्गीय भीमा मंडावी के सहयोगियों ने उस घटना की विभीषिका को साझा किया।

13 शहीदों की याद में किया पौधरोपण

उप मुख्यमंत्री और वन मंत्री ने अरनपुर और श्यामगिरी की घटनाओं में शहीद हुए 13 जवानों की स्मृति में पौधरोपण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से आत्मीयता से मुलाकात की और शहीद परिवारों से चर्चा कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान तत्कालीन दंतेवाड़ा विधायक और शहीद स्व. भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी से मुलाकात के दौरान माहौल भावुक हो गया। सभी ने शहीदों की याद में मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

‘बस्तर की जनता जीत गई, नक्सलवाद हार गया’

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल हिंसा में किसी न किसी ने अपना मित्र, भाई, पिता, रिश्तेदार या स्वजन खोया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा फहराने के लिए बस्तर ने बड़ा संघर्ष किया है और अनेक लोगों की शहादत के बाद आज पूरे सम्मान के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले तिरंगा फहराने पर नक्सलियों द्वारा डराया जाता था, लेकिन अब कोई भी तिरंगा फहराने से रोकने वाला नहीं है। अब भारत का संविधान हर कोने में बिना किसी डर के लागू होगा।

उप मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने और पड़ोसियों को भी प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हो पा रहा है तो सोशल मीडिया पर भी तिरंगा लगाकर दूसरों को प्रेरित करें।

उन्होंने कहा, “बस्तर की जनता जीत गई और नक्सलवाद हार गया।” उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता के संकल्प ने नक्सलवाद को जड़ से मिटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

शहीद भीमा मंडावी के नाम पर होगा मार्ग का नामकरण

ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नकुलनार-बचेली मार्ग का नामकरण शहीद भीमा मंडावी के नाम पर करने की अनुशंसा करने की बात कही। उन्होंने इस संबंध में सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए कलेक्टर को निर्देश दिए।

इस अवसर पर ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। साथ ही घटनास्थल की मिट्टी लेकर उसे स्मृति के रूप में संग्रहित किया गया।

बिहान समूह की महिलाओं से चर्चा

उप मुख्यमंत्री ने बिहान समूह की महिलाओं से भी चर्चा की। उन्होंने महिलाओं को लघु वनोपज प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने बताया कि शासन की ओर से छत्तीसकला ब्रांड के अंतर्गत बिहान समूह के उत्पादों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने महिलाओं से इसका लाभ उठाने की अपील की।

राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम विजेताओं से मिले

मंत्री द्वय ने राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम के विजेता अरनपुर के मांदरी दल की महिलाओं से भी मुलाकात की और उनसे बातचीत की।

मजाकिया अंदाज में उप मुख्यमंत्री ने महिलाओं से कहा कि पहले आप दिल्ली में राष्ट्रपति के पास गई थीं, अब राष्ट्रपति भी आपके घर आएंगी और चाय पीएंगी। इस पर महिलाओं ने कहा कि वे भी चाहती हैं कि राष्ट्रपति बस्तर आएं और वे अपने हाथों से उन्हें भोजन कराएं।

कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, आईजी बस्तर बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर, एसपी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts