रायपुर, 7 अगस्त 2026
राज्य शासन ने बेमेतरा जिले के नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक टू-लेन सड़क को फोरलेन में उन्नत करने के लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से 36.40 किलोमीटर लंबी सड़क का फोरलेन निर्माण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से राशि स्वीकृति संबंधी परिपत्र लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को जारी कर दिया गया है।
अरुण साव ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को समय-सीमा के भीतर निविदा प्रक्रिया पूरी करने, प्राक्कलन के अनुरूप निर्माण कार्य कराने और मितव्ययिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माण एजेंसी को अनुबंधित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अनावश्यक रूप से समय-सीमा में वृद्धि नहीं की जाएगी। केवल अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर के कारणों में ही सक्षम अधिकारी की अनुमति से समय बढ़ाया जा सकेगा। टाइम एक्सटेंशन की स्थिति में नियमानुसार अर्थदंड लगाने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।



