रायपुर, 18 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और कलाकारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के लिए प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक कलाकार 31 अगस्त 2026 तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।
योजना का उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना, कलाकारों का सम्मान बढ़ाना तथा कला दलों के सतत विकास को गति प्रदान करना है।
इन विधाओं से जुड़े कलाकार कर सकते हैं आवेदन
योजना के अंतर्गत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्प कलाकार, छत्तीसगढ़ी पाक कला (पारंपरिक व्यंजन) तथा छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी आवेदन प्रपत्र प्राप्त किए जा सकते हैं।
चयनित कलाकारों को 24 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि
योजना के तहत पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य होगा। चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार रुपये से अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि ई-पेमेंट के माध्यम से एक वित्तीय वर्ष में एक बार दी जाएगी।
योजना का लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। इसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
आवेदन के साथ बैंक खाते का विवरण, IFSC कोड और PAN कार्ड की छायाप्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।
इस पते पर भेजना होगा आवेदन
संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय,
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर,
द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर,
अटल नगर (छत्तीसगढ़) – 492018
प्रविष्टियां प्राप्त होने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन भेजते समय लिफाफे पर ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’ स्पष्ट रूप से अंकित करना आवश्यक होगा।
प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।
लोक कलाकारों के आर्थिक सशक्तीकरण की पहल
मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना प्रदेश की समृद्ध लोक कला परंपराओं के संरक्षण, कलाकारों के सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से लोक कलाकारों को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ-साथ अपनी कला को व्यापक पहचान दिलाने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।



