रायपुर,7 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से 630 करोड़ 55 लाख 54 हजार 300 रुपए अंतरित किए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार तथा संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार की प्रमुख पहल है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के सशक्त होने से परिवार, बच्चों का भविष्य और समाज का विकास भी मजबूत होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत मिलने वाली प्रतिमाह एक हजार रुपए की सहायता केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामाजिक भागीदारी को मजबूत करने का माध्यम बन चुकी है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाएं इस राशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश तथा सिलाई-कढ़ाई, डेयरी, किराना, पशुपालन, सब्जी विक्रय और अगरबत्ती निर्माण जैसे स्वरोजगार शुरू करने में कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डीबीटी प्रणाली के माध्यम से हर माह सहायता राशि सीधे महिलाओं के खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और शासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। राज्य सरकार महिलाओं के शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास, स्वरोजगार और वित्तीय समावेशन पर लगातार कार्य कर रही है।

1 मार्च 2024 से लागू योजना, अब तक 19,444.33 करोड़ रुपए का भुगतान

महतारी वंदन योजना का शुभारंभ 1 मार्च 2024 को किया गया था। 30वीं किस्त जारी होने के साथ ही योजना के अंतर्गत महिलाओं को वितरित कुल राशि 19,444.33 करोड़ रुपए से अधिक हो गई है। सरकार के अनुसार नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं की घरेलू निर्णयों में भागीदारी, आर्थिक स्थिति और आत्मनिर्भरता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। राज्य सरकार का कहना है कि यह योजना विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts