रायपुर, 31 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से जशपुर जिले में खेल अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 5 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री श्री साय की पहल पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा स्टेडियम निर्माण को मंजूरी दी गई है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस स्टेडियम के बनने से जशपुर जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण का मंच मिलेगा।

स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर अवसर

जशपुर जिले में फुटबॉल के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों में विशेष उत्साह को देखते हुए यह स्टेडियम खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्टेडियम में नियमित प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और खेल आयोजनों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी।

इससे जिले की स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

खेल अधोसंरचना को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा जशपुर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

स्टेडियम के निर्माण से जशपुर में फुटबॉल और अन्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts