रायपुर, 12 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
मंगलवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर जिले के बोदरी में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में मौसमी वर्षा फिलहाल सामान्य से 7 प्रतिशत कम है।
कई इलाकों में हुई बारिश
मंगलवार को बोदरी के अलावा बिलासपुर, सकरी और पथरिया में 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं कुमरदा, दुलदुला, मरीं बंगला देवरी, गोबरा नवापारा और तखतपुर में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
बैकुंठपुर, डोंडीलोहारा, बिल्हा, लालपुर थाना, कोटा और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रों में भी 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जगदलपुर और दुर्ग में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
नए मौसम सिस्टम से बढ़ेगी मानसूनी गतिविधि
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून द्रोणिका बीकानेर, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास बने निम्न दबाव वाले क्षेत्र के केंद्र, सीधी, रांची और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से इसी क्षेत्र में आज निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि यह नया मौसम सिस्टम आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों को बढ़ा सकता है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर फिर तेज होने की संभावना है।



