नई दिल्ली,24 जुलाई 2026
सोनम वांगचुक ने 26 दिनों की भूख हड़ताल समाप्त कर दी। गुरुवार देर रात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे और जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। इस दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और लद्दाख एपेक्स बॉडी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
सोनम वांगचुक ने बताया कि उन्होंने सरकार की ओर से मिले आश्वासन और लंबी बातचीत के बाद अपना अनशन समाप्त करने का फैसला लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने भी उनसे अनशन खत्म करने का आग्रह किया था। साथ ही उन्होंने देशभर के लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहने की अपील की।
इससे पहले जेपी नड्डा ने वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो और अन्य प्रतिनिधियों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि सरकार जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों और 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों पर सकारात्मक विचार करेगी।
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने वांगचुक के अनशन समाप्त करने का स्वागत किया, लेकिन कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का 35वां दिन है और संगठन ने आज देशव्यापी प्रदर्शन का भी ऐलान किया है।



