रायपुर, 24 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक के बाद छत्तीसगढ़ में भी UCC का विधेयक आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में पेश किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कर्नाटक रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार UCC को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। समिति की रिपोर्ट और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी पर उतर आए, जो स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

अपने कर्नाटक दौरे को लेकर मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वे सत्य साईं ग्राम में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts