रायपुर, 14 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला मुख्यालय जशपुरनगर में 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत से हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस आधुनिक बस टर्मिनल में एक साथ 35 से 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी। परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है।

इस बस स्टैंड के निर्माण से प्रतिदिन सफर करने वाले 5 हजार से अधिक यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, लिफ्ट, डिजिटल सूचना स्क्रीन और अन्य आवश्यक सुविधाओं से युक्त यह बस टर्मिनल जिले की परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती देगा।

तीन एकड़ में बनेगा आधुनिक बस टर्मिनल

जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है। लगभग तीन एकड़ भूमि पर विकसित होने वाले इस टर्मिनल में एक साथ 35 से 40 बसों के ठहराव की सुविधा होगी। इससे बसों के आवागमन और पार्किंग को व्यवस्थित करने के साथ यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

वर्तमान में जशपुर जिला मुख्यालय के बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है। यहां से पांच हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए भी बस सेवाएं संचालित होती हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लंबे समय से आधुनिक बस स्टैंड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

वेटिंग हॉल, लिफ्ट और डिजिटल स्क्रीन जैसी सुविधाएं मिलेंगी

प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड को यात्रियों की सुविधा और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा। परिसर में आधुनिक वेटिंग हॉल, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, लिफ्ट और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी यात्रियों तक आसानी से पहुंचाने के लिए डिजिटल सूचना स्क्रीन भी लगाई जाएगी। इसके अलावा परिसर में 40 दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को आवश्यक वस्तुएं और सेवाएं उपलब्ध होने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

इन सुविधाओं से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को विशेष सहूलियत मिलेगी।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन होगा आसान

जशपुरनगर जिले का प्रमुख प्रशासनिक और परिवहन केंद्र है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, रोजगार और सरकारी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय पहुंचते हैं। आधुनिक बस टर्मिनल बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ बसों का संचालन और ठहराव भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।

इस परियोजना से शहर की परिवहन अधोसंरचना मजबूत होगी। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होने तथा पड़ोसी राज्यों से आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था मिलने की उम्मीद है।

कुनकुरी और पत्थलगांव में भी बनेंगे आधुनिक बस स्टैंड

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के अन्य क्षेत्रों में भी सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। जशपुरनगर के साथ कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण को स्वीकृति दी जा चुकी है।

इसी क्रम में बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ बनेगी।

जशपुरनगर में 11.83 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड जिले के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts