रायपुर,7 सितम्बर 2026
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर नगर पालिक निगम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश के 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रायपुर ने 189 अंक प्राप्त कर 6वां स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि शहर में वायु गुणवत्ता सुधार और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
PM-10 के स्तर में करीब 18% की कमी
रायपुर में वायु गुणवत्ता में सुधार की सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। शहर में PM-10 का स्तर वर्ष 2022-23 में 78 µg/m³ था, जो वर्ष 2025-26 में घटकर 64 µg/m³ रह गया। यानी इस अवधि में PM-10 के स्तर में करीब 18 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
वार्ड स्तर पर भी रायपुर का उत्कृष्ट प्रदर्शन
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 की राज्य स्तरीय वार्ड रैंकिंग में भी रायपुर नगर निगम ने बेहतर प्रदर्शन किया है। वार्ड क्रमांक 46 को 30 हजार से अधिक आबादी वाली श्रेणी में, जबकि वार्ड क्रमांक 30 को 10 हजार से 30 हजार आबादी वाली श्रेणी में स्थान मिला है।
स्वच्छ वायु के लिए किए जा रहे कई महत्वपूर्ण कार्य
रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण के लिए कई स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं। शहर में करीब 100 किलोमीटर सड़कों पर पैच रिपेयर का कार्य किया गया है।
इसके अलावा 7 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन करीब 150 किलोमीटर सड़कों की सफाई की जा रही है। शहर में 30 ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं और करीब 26,254 ई-वाहन संचालित हो रहे हैं।
शहर में 10 कचरा ट्रांसफर स्टेशन भी हैं। वहीं वर्ष 2025-26 में करीब 42 हजार पौधों का रोपण किया गया है। इसमें 3 एकड़ क्षेत्र में लगाए गए 23 हजार पौधों का मियावाकी प्लांटेशन भी शामिल है।
मियावाकी प्लांटेशन से बढ़ रहा हरित क्षेत्र
3 एकड़ क्षेत्र में किए गए मियावाकी पौधरोपण अभियान के तहत 23 हजार पौधे लगाए गए। इससे शहर में शहरी हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिला है। इस अभियान में पौधों की 91.30 प्रतिशत जीवन्तता दर दर्ज की गई है।
महापौर और आयुक्त ने जताया गर्व
महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर को 6वां स्थान मिलने पर इसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल रैंकिंग में सुधार करना नहीं, बल्कि रायपुर को एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ शहर बनाना है। इसके लिए सड़क सफाई, धूल नियंत्रण, हरित क्षेत्र विस्तार, ई-मोबिलिटी और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों को आगे और प्रभावी बनाया जाएगा।



