रायपुर, 7 सितंबर 2026
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में खाद्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों के साथ चावल उपार्जन, भंडारण, किसान पंजीयन और गोदाम निर्माण सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
बैठक में खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, संचालक खाद्य डॉ. फरिया आलम, प्रबंध संचालक नागरिक आपूर्ति निगम विलास भोसकर संदीपन, प्रबंध संचालक विपणन संघ जितेन्द्र शुक्ला, महाप्रबंधक भारतीय खाद्य निगम दीपक शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कस्टम मिलिंग चावल की गति बढ़ाने के निर्देश
मंत्री दयालदास बघेल ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत भारतीय खाद्य निगम एवं नागरिक आपूर्ति निगम में कस्टम मिलिंग चावल के उपार्जन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सितंबर और अक्टूबर 2026 के दो माह के चावल का समयबद्ध भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
धान खरीदी के लिए बारदानों और केंद्रों की व्यवस्था
आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नवीन धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा, ताकि किसानों को खरीदी के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
किसान पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश
मंत्री ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए शेष किसानों के एग्रीस्टेक पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी एवं संग्रहण केंद्रों में होने वाली शॉर्टेज की मात्रा कम करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा।
गोदाम निर्माण की भी हुई समीक्षा
खाद्य मंत्री ने राज्य भण्डार गृह निगम के गोदाम निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन गोदामों का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी धान खरीदी के दौरान भंडारण क्षमता पर्याप्त रहे।
धरमकांटों का सत्यापन धान खरीदी से पहले होगा
बैठक में नापतौल विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि धान खरीदी शुरू होने से पहले सभी धरमकांटों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, जिससे खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सही तौल व्यवस्था बनी रहे।
बैठक में जिला खाद्य नियंत्रक/खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम, प्रबंधक राज्य भण्डार गृह निगम और नापतौल विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस दौरान मंत्री दयालदास बघेल ने सिटी गैस वितरण योजना से संबंधित विभागीय वेबसाइट का शुभारंभ भी किया।



