सरगुजा,1 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजपुरी कला में जंगली बंदरों के आतंक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक जंगली बंदर ने घर में घुसकर पालने में सो रहे 5 माह के मासूम को उठाया और कुछ दूरी पर ले जाकर पानी से भरे ड्रम में डाल दिया। गंभीर हालत में बच्चे को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, जंगली बंदर अचानक बस्ती में घुस आया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बंदर के डर से लोग अपने-अपने घरों में छिप गए। इसी दौरान बंदर एक घर में घुसा और पालने में सो रहे मासूम को उठाकर बाहर ले गया। कुछ ही दूरी पर उसने बच्चे को पानी से भरे नीले ड्रम में डाल दिया।

घटना का पता चलते ही परिजनों ने तत्काल बच्चे को ड्रम से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल बच्चे की पहचान त्रिशिका प्रजापति (उम्र लगभग 5 माह), पिता सुदर्शन प्रजापति, निवासी ग्राम रजपुरी कला, लखनपुर के रूप में हुई है।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली बंदर को जल्द पकड़ने और बस्ती में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। फिलहाल बच्चे का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts