सुकमा,2 सितम्बर 2026

जिले के कोंटा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) चंद्र कुमार यारदा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

आरोप है कि BEO ने एक शिक्षक की पत्नी के करीब 16 लाख रुपए के एरियर्स से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर करने के एवज में 5 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। यह रकम करीब 80 हजार रुपए बताई जा रही है।

एक महीने से फाइल पर साइन के लिए लगा रहा था चक्कर

जानकारी के मुताबिक, शिक्षक मंगलराम की पत्नी की वर्ष 1991 में शिक्षिका के पद पर नियुक्ति हुई थी। लंबे समय से उनके एरियर्स का मामला लंबित था। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एरियर्स की राशि करीब 16 लाख रुपए निर्धारित हुई।

इस राशि से संबंधित फाइल पर BEO के हस्ताक्षर आवश्यक थे। शिक्षक का आरोप है कि वह करीब एक महीने से BEO कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन फाइल पर हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे थे।

इसी दौरान BEO चंद्र कुमार यारदा पर एरियर्स की राशि का 5 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगा। करीब 80 हजार रुपए की मांग किए जाने के बाद शिक्षक ने इसकी शिकायत ACB जगदलपुर कार्यालय में की।

शिकायत का सत्यापन कर ACB ने बनाई योजना

शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पहले पूरे मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की गई।

बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ACB की टीम तीन-चार वाहनों से कोंटा स्थित BEO कार्यालय पहुंची। टीम की योजना के अनुसार शिक्षक को 10 हजार रुपए देने के लिए भेजा गया।

जैसे ही BEO ने शिक्षक से 10 हजार रुपए की रिश्वत स्वीकार की, मौके पर मौजूद ACB की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया

कार्यालय में दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच

गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम ने BEO कार्यालय में दस्तावेजों, रिकॉर्ड और संबंधित फाइलों की जांच शुरू की। टीम ने शिक्षक की पत्नी के एरियर्स से जुड़े अन्य दस्तावेजों और कागजात को भी जांच के दायरे में लिया।

देर शाम तक कार्यालय में ACB की कार्रवाई जारी रही। अधिकारियों ने मामले से संबंधित दस्तावेजों की जांच करते हुए जरूरी साक्ष्य जुटाए।

ACB ने कहा- कानूनी कार्रवाई जारी

ACB के मुताबिक, शिक्षक मंगलराम ने एरियर्स की फाइल पर हस्ताक्षर करने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद कार्रवाई करते हुए BEO चंद्र कुमार यारदा को 10 हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts