रायपुर, 3 सितंबर 2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बरसात समाप्त होते ही प्रदेश में निर्माणाधीन पुल-पुलियों और राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अक्टूबर में सभी निर्माण स्थलों पर काम होते हुए दिखाई देना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर ठेकेदारों के साथ स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव ने बुधवार को नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में पुल-पुलियों और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले कार्यों के प्राक्कलन 20 सितंबर तक जमा करने को कहा। साथ ही बारिश से क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत, रेलिंग और दीवारों की पेंटिंग का कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
सप्ताह में दो दिन साइट पर जाएं अधिकारी
सचिव बंसल ने कार्यपालन अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को सप्ताह में दो दिन अनिवार्य रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
काम में लापरवाही बरतने या निर्माण की गति धीमी रखने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को बिना अनुमति कार्यालय नहीं छोड़ने तथा अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहकर निर्माण स्थलों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा गया।
नवंबर तक निविदा, जनवरी तक शुरू हों नए काम
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया नवंबर तक पूरी करने और जनवरी तक सभी कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों को समय पर ले-आउट, ड्राइंग-डिजाइन और कार्यस्थल उपलब्ध कराने तथा निर्माण स्थलों से जुड़ी समस्याओं का तत्परता से निराकरण करने को कहा।
हर महीने हो ठेकेदारों का भुगतान
सचिव ने निर्माण कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति प्रभावित न हो, इसके लिए ठेकेदारों को हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद तीन माह के भीतर दस्तावेजी प्रक्रिया और भुगतान पूरा कर अनुबंध क्लोज किया जाए।
गतिशक्ति पोर्टल पर 10 सितंबर तक अपलोड हो जानकारी
प्रदेश के सभी पुल-पुलियों की जानकारी भारत सरकार के गतिशक्ति पोर्टल पर 10 सितंबर तक अपलोड करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय-सीमा में जानकारी अपलोड नहीं करने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया।
इसके अलावा सीपीग्राम्स (CPGRAMS) और सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए गए। न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन से जुड़े प्रकरणों की हर महीने समीक्षा करने को भी कहा गया।
NHAI और केंद्रीय मंत्रालय से बेहतर समन्वय पर जोर
सचिव बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों की निविदा, अनुबंध और कार्यादेश की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को NHAI और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में रायपुर में निर्माणाधीन MMI चौक से शदाणी दरबार खंड, बेमेतरा बायपास, कोंडागांव से नारायणपुर राष्ट्रीय राजमार्ग खंड और रतनपुर से पेंड्रा रोड राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इन कार्यों को अगले साल मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एस.के. कोरी, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप सहित दोनों परिक्षेत्रों के अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और NHAI के अधिकारी मौजूद रहे।



