रायपुर, 30 अक्टूबर 2026
चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता दिखाई है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करे और राहत पहुंचाने की प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी न हो।
आरबीसी 6-4 के तहत मिलेगी पात्र किसानों को सहायता राशि
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र आकलन किया जाए। इसके बाद आरबीसी 6-4 के प्रावधानों एवं निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल क्षति के सर्वेक्षण से लेकर सहायता राशि के वितरण तक की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रभावित किसानों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के राहत मिल सके।
किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए राहत एवं सहायता की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए।
सरकार का उद्देश्य चक्रवात से प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें नुकसान से उबरने में मदद करना है।



