एंटरटेनमेंट डेस्क,14 अगस्त 2026
नई दिल्ली। कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। कोर्ट ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में दिव्यांग लोगों को लेकर की गई विवादित टिप्पणियों के मामले में समय रैना समेत पांच लोगों के खिलाफ दर्ज सभी FIR रद्द कर दी हैं।
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान मामले में याचिकाकर्ता NGO की ओर से बताया गया कि समय रैना अब उनके संपर्क में हैं। साथ ही, वह स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉफी (SMA) से पीड़ित लोगों की उपलब्धियों और उनके लिए सहायता से संबंधित जागरूकता फैलाने के लिए तैयार हैं।
कोर्ट ने कहा कि SMA से पीड़ित लोगों की सहायता और उनके हितों से जुड़े मुद्दे पर सरकार को आवश्यक निर्देश देने के संबंध में सुनवाई जारी रहेगी। यानी FIR रद्द होने के बावजूद SMA से जुड़े व्यापक जनहित के मुद्दे पर न्यायालय का ध्यान बना रहेगा।
विवादित टिप्पणियों को लेकर समय रैना और अन्य लोगों के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में FIR दर्ज की गई थीं। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद समय रैना को इस मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है।



