लखनऊ, 7 जून 2026
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों रुपये की रकम गायब होने के आरोपों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट और सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह मामला करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों रुपये की रकम गायब पाए जाने की खबर बेहद गंभीर और संवेदनशील है। उन्होंने इसे ट्रस्ट के लिए शर्मनाक स्थिति बताते हुए कहा कि अब तक कोई भी जिम्मेदार पक्ष सफाई देने सामने नहीं आया है।
उन्होंने कहा कि इस मामले का सीधा संबंध दुनियाभर के सनातन धर्मावलंबियों और भगवान राम के प्रति उनकी आस्था से है। इसलिए न्यायालय को स्वतः संज्ञान लेकर मामले की जांच करनी चाहिए।
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि मंदिर ट्रस्ट की चुप्पी शर्मनाक और सरकार की चुप्पी संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि आरोप सही हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है और यदि आरोप गलत हैं तो ट्रस्ट की ओर से स्पष्ट जवाब क्यों नहीं दिया जा रहा।


