कोरिया, 7 जून 2026
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। SECL चरचा कॉलरी क्षेत्र के चाइना ब्लॉक स्थित एक क्वार्टर में शनिवार रात करीब 11:30 बजे गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में SECL के डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन की मौके पर ही मौत हो गई।
धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गैस सिलेंडर ब्लास्ट बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले की विस्तृत जांच के लिए फोरेंसिक और तकनीकी टीम को भी बुलाया गया है।
के. वी. नंदन को SECL के अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता था। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर से SECL अधिकारियों, कर्मचारियों और परिजनों में शोक की लहर है। सहकर्मियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
