दंतेवाड़ा , 7 जून 2026

उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने रविवार को गीदम से बांगाबाड़ी तक निर्माणाधीन 10.6 किलोमीटर लंबे दंतेवाड़ा बायपास मार्ग और डंकिनी नदी पर बन रहे उच्च स्तरीय पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई तथा दिसंबर 2026 तक सड़क और पुल दोनों का काम हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक चैतराम अटामी भी मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बायपास मार्ग पर जल्द यातायात शुरू कर लोगों को सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

26.78 करोड़ की लागत से बन रहा बायपास

दंतेवाड़ा शहर को भारी वाहनों और ट्रैफिक के दबाव से मुक्त करने के लिए 26 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से गीदम-बांगाबाड़ी बायपास सड़क का निर्माण किया जा रहा है। यह मार्ग 10.6 किलोमीटर लंबा होगा।

डंकिनी नदी पर बन रहा 161 मीटर लंबा पुल

बायपास मार्ग पर पड़ने वाली डंकिनी नदी पर 9 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से 161 मीटर लंबा उच्च स्तरीय पुल बनाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार सड़क निर्माण का 85 प्रतिशत और पुल निर्माण का 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

भारी वाहनों को मिलेगा वैकल्पिक मार्ग

बायपास सड़क और पुल के तैयार होने के बाद बैलाडीला से गीदम और जगदलपुर जाने वाले भारी वाहन दंतेवाड़ा शहर में प्रवेश किए बिना आवागमन कर सकेंगे। इससे शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

देरी पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों और ठेकेदार को समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts