रायपुर, 26 अगस्त 2026

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर केन्द्रीय जेल रायपुर में बंदियों को राखी बांधने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जेल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार 28 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक केवल बहनों को बंदियों से मिलने और उन्हें राखी बांधने के लिए जेल परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

वैध पहचान-पत्र के बाद मिलेगा प्रवेश

मुलाकात के लिए आने वाली बहनों के पास वैध पहचान-पत्र होना अनिवार्य होगा। जेल में प्रवेश से पहले सभी की गहन जांच की जाएगी। सुरक्षा कारणों से एक बंदी से मिलने और राखी बांधने के लिए अधिकतम 3 बहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

प्रति बंदी केवल 100 ग्राम मिठाई की अनुमति

जेल प्रशासन ने बहनों को प्रति बंदी केवल 100 ग्राम मिठाई ले जाने की अनुमति दी है। मिठाई को भी प्रवेश से पहले जांच के बाद ही अंदर ले जाने दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य सभी खाद्य पदार्थ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

मोबाइल, पर्स और नकदी ले जाना प्रतिबंधित

जेल परिसर के भीतर मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और किसी भी प्रकार का कीमती सामान ले जाना सख्त मना होगा। जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिसर में इन सामानों को जमा कराने की कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं होगी। ऐसे में परिजनों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित सामान अपने साथ लेकर न आएं।

सुरक्षा के लिए तीन स्तरों पर हो सकती है तलाशी

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जेल में प्रवेश से पहले महिला कर्मचारियों द्वारा तीन स्तरों पर तलाशी ली जा सकती है। केन्द्रीय जेल अधीक्षक ने सभी परिजनों से अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखें और तलाशी एवं सुरक्षा प्रक्रिया में जेल प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts