जशपुर, 26 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है। जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी में आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को उपहार भेंट कर स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि बहनों के सम्मान, सुरक्षा और सुखद भविष्य के प्रति जिम्मेदारी को दोहराने का अवसर भी है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ की हर माता-बहन आत्मनिर्भर बने, आगे बढ़े और परिवार व समाज के निर्णयों में उनकी भूमिका मजबूत हो।

पंडरीपानी को ₹64 लाख के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंडरीपानी में लगभग ₹64 लाख के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन का लोकार्पण भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि महतारी सदन गांव की महिलाओं के लिए सामूहिक प्रयासों, प्रशिक्षण, आर्थिक गतिविधियों और आत्मनिर्भरता का केंद्र बनेगा। यहां बैठक कक्ष, प्रशिक्षण सुविधा, रसोईघर और शौचालय सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

फरसाबहार और भेलवा में महतारी सदन की घोषणा

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत फरसाबहार और भेलवा में भी महतारी सदन के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए ₹3 करोड़ 23 लाख की स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर अधोसंरचना के साथ महिलाओं और ग्रामीण परिवारों के जीवन को सुविधाजनक बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

महतारी वंदन योजना से मिला आर्थिक आत्मविश्वास

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को हर महीने ₹1,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह सहायता महिलाओं की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ उनके आत्मविश्वास और आर्थिक स्वावलंबन को भी मजबूत कर रही है।

उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए हाल ही में प्रदेश की 67 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में योजना की 31वीं किस्त के रूप में ₹631 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की गई। त्योहार को देखते हुए सितंबर माह की राशि अग्रिम रूप से जारी की गई, ताकि बहनें उत्साह के साथ रक्षाबंधन मना सकें।

सेवा सेतु से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का उद्देश्य शासन की सुविधाओं को सरल और पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचाना है। इसी दिशा में सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। वहीं, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

महिला स्व-सहायता समूहों को मिली आर्थिक सहायता

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका और स्वरोजगार गतिविधियों के विस्तार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।

मोंगरा स्व-सहायता समूह, भगोरा, वैष्णवी स्व-सहायता समूह, कंदईबहार और चांद स्व-सहायता समूह, कंदईबहार को ₹1.50-₹1.50 लाख की सहायता दी गई। वहीं, प्रतिज्ञा समूह, बड़ा बस्ती को ₹1 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

सुकन्या समृद्धि योजना की पासबुक वितरित

कार्यक्रम में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिका मीनाक्षी यादव और श्रेया पैंकरा को खाता पासबुक प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को मिले पट्टे

मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत पांच हितग्राहियों को पट्टे वितरित किए। इनमें ग्राम बोखी की हरावती, वानगांव की जगमनी, कोनपारा की राजमनी, भगोरा की लक्ष्मी और तेलाइन की सुमित्रा शामिल हैं। इससे हितग्राहियों को संपत्ति पर अधिकार के साथ दस्तावेजी सुरक्षा भी मिलेगी।

पूरे छत्तीसगढ़ की बहनों के ‘विष्णु भैया’ हैं मुख्यमंत्री : गोमती साय

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिलाओं के सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन को शासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है, जबकि महतारी सदन के माध्यम से गांवों में बैठकों, प्रशिक्षण और विभिन्न गतिविधियों के लिए सम्मानजनक स्थान उपलब्ध हो रहा है। श्रीमती गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय पूरे छत्तीसगढ़ की बहनों के ‘विष्णु भैया’ हैं और महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन तथा कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र की माताएं-बहनें उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts