रायपुर, 4 सितंबर 2026

राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र से मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ कार सवार युवकों ने मजदूर वर्ग के युवकों पर पहले कीचड़ उछाला और विरोध करने पर मारपीट की। इतना ही नहीं, एक युवक को कथित तौर पर बीच सड़क पर घुटनों के बल बैठाकर माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया।

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला राठौर चौक स्थित बिरयानी जंक्शन के पास का बताया जा रहा है। बारिश के कारण सड़क पर पानी जमा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार के पहियों से पानी और कीचड़ उछलकर पास मौजूद कुछ युवकों पर जा गिरा।

कीचड़ और पानी के छींटे पड़ने का युवकों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कार सवार युवकों ने मजदूर युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद करीब 5 से 6 युवकों ने मिलकर एक युवक की पिटाई की। आरोप है कि मारपीट के बाद भी मामला नहीं रुका और पीड़ित युवक को कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपियों ने युवक को भरे बाजार में सड़क पर घुटनों के बल बैठने और माफी मांगने के लिए मजबूर किया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा होने लगी।

पुलिस से की शिकायत

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने गंज थाना पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, जिससे उनमें नाराजगी है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, युवक मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है और आर्थिक रूप से कमजोर है। उनका आरोप है कि इसी वजह से उसके साथ दबंगई की गई और उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।

CCTV फुटेज की जांच संभव

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की जा सकती है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामला पुलिस जांच में है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ किन धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts