रायपुर,4 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 70 हजार जवानों के लिए 5,000 रुपये प्रतिमाह विशेष रिस्पांस अलाउंस देने का प्रस्ताव सामने आया है। हालांकि, इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है और मामला फिलहाल पुलिस मुख्यालय में लंबित है।

आरक्षक से निरीक्षक तक को मिल सकता है लाभ

पुलिसकर्मियों के वेतन और भत्तों की समीक्षा के लिए गठित समिति ने आरक्षक से निरीक्षक स्तर तक के पुलिस कर्मचारियों को विशेष रिस्पांस अलाउंस देने की सिफारिश की है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

छह पुराने भत्ते खत्म करने की सिफारिश

समीक्षा समिति ने मौजूदा आठ भत्तों की व्यवस्था में बदलाव का सुझाव दिया है। समिति ने इनमें से छह पुराने भत्तों को समाप्त कर उनकी जगह एक नया समेकित विशेष रिस्पांस अलाउंस लागू करने की सिफारिश की है।

इस व्यवस्था के तहत अलग-अलग मदों में मिलने वाले भत्तों की जगह पुलिसकर्मियों को 5,000 रुपये मासिक विशेष भत्ता दिए जाने का प्रस्ताव है।

लंबे समय से भत्तों में संशोधन नहीं

पुलिस कर्मचारी संगठनों का कहना है कि कई भत्तों की दरों में लंबे समय से संशोधन नहीं हुआ है। खासकर माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवानों को कई मदों में अभी भी पुरानी दरों के अनुसार भुगतान किए जाने की बात कही गई है।

समिति ने अन्य राज्यों में पुलिसकर्मियों को मिलने वाले वेतन और भत्तों का तुलनात्मक अध्ययन करने के बाद व्यापक बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया है।

2025 में हुआ था समिति का गठन

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कल्याण) की अध्यक्षता में इस समिति का गठन 21 फरवरी 2025 को किया गया था। इसमें पुलिस मुख्यालय और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी शामिल थे।

समिति की 25 फरवरी, 9 अप्रैल, 6 मई और 19 जून 2025 को कुल चार बैठकें हुई थीं। इन बैठकों के बाद पुलिसकर्मियों के वेतन और भत्तों में बदलाव से संबंधित प्रस्ताव तैयार किया गया।

अब पुलिसकर्मियों और उनके संगठनों की नजर सरकार के अंतिम निर्णय पर है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि 5,000 रुपये का विशेष रिस्पांस अलाउंस कब से लागू होगा और इसे मंजूरी कब मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts