बिलासपुर, 4 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जन्माष्टमी के उत्सव के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मटकी फोड़ कार्यक्रम के लिए मटकी बांध रहा एक युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजीव गांधी चौक की है। घायल युवक की पहचान रेहान खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के लिए रेहान मटकी बांध रहा था। इसी दौरान वह पास से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया।
हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है।



