रायपुर,4 सितम्बर 2026

शहर में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को टीम ने तेलीबांधा क्षेत्र में अभियान चलाकर सड़क पर खड़े ठेले-गुमटियों को हटाया और यातायात में बाधा डालने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया

PWD चौक से नेताजी होटल तिराहे तक कार्रवाई

संयुक्त टीम ने PWD चौक से नेताजी होटल तिराहे तक कार्रवाई की। इस दौरान कई जगह ठेले, गुमटियां और दुकानों का सामान सड़क की सीमा तक फैला हुआ मिला। इससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

टीम ने सड़क घेरकर लगाए गए सामान को हटवाया और यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों के मौके पर ही चालान काटे

दुकानों के बाहर लगे बोर्ड और होर्डिंग जब्त

अभियान के दौरान दुकानों के बाहर सड़क की जगह घेरकर लगाए गए विज्ञापन बोर्ड, होर्डिंग और प्रचार सामग्री भी कार्रवाई के दायरे में आई। निगम की टीम ने ऐसे बोर्डों को मौके से जब्त कर लिया।

इसके बाद पुलिस और नगर निगम की टीम रिंग रोड और श्याम नगर क्षेत्र में भी पहुंची। यहां सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया और रास्ते को खाली कराया गया।

पहले टाटीबंध और पचपेड़ी नाका में हुई थी कार्रवाई

अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस और निगम की यह संयुक्त कार्रवाई इससे पहले टाटीबंध और पचपेड़ी नाका क्षेत्र में भी की जा चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक शहर के व्यस्त इलाकों में सड़क घेरकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

प्रशासन का उद्देश्य सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु करना और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts