रायपुर में रेलवे ट्रैक पर युवक की लाश मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका; पैसों के विवाद से जुड़ा मामला
रायपुर,18 अगस्त 2026
रेलवे ट्रैक पर मिली युवक की लाश
राजधानी रायपुर के गोगांव अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह एक युवक की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छोटा अशोकनगर निवासी 19 वर्षीय प्रीतम साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नड्डा बेचने का काम करता था।
सुबह करीब 7 बजे पुलिस को रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
शरीर पर मिले संदिग्ध चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिसके बाद मामला संदिग्ध हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसके पैर में गंभीर चोटें आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका
शव पर मिले चोटों के निशान के आधार पर पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस ने गोगांव और अशोकनगर क्षेत्र के कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पैसों को लेकर विवाद की बात सामने आई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक रविवार सुबह घर से निकला था। बताया जा रहा है कि जुआ खेलने के दौरान पैसों को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की वजह और आरोपियों की पुष्टि नहीं की है। मामले की वास्तविक वजह का पता लगाने और संदिग्धों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।



